पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा को 26 दिन बाद अंतिम विदाई दी गई। दिवाली के दिन चकेरिया रोड स्थित उनके पैतृक खेतों में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और नम आंखों से झोटा को श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर को घर लाया गया, जहां परिवार, रिश्तेदारों और लोगों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद फूलों से सजी ट्रैक्टर-ट्राली में पार्थिव शरीर रखकर शहर में अंतिम यात्रा निकाली गई। झोटा की पार्थिव देह को 7 नवंबर को पीजीआई चंडीगढ़ में पोस्टमार्टम के बाद फूलों से सजी विशेष एंबुलेंस के माध्यम से मानसा लाया गया। एंबुलेंस पर झोटा की तस्वीरें लगाई गई थीं। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए एकत्र हुए। मानसा पहुंचने पर पार्थिव शरीर को सबसे पहले धरना स्थल से होते हुए उनके पैतृक घर लाया गया। यहां परिवार के सदस्यों और लोगों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद अंतिम यात्रा चकेरिया रोड स्थित उनके पैतृक खेतों तक पहुंची, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई थीं। खेतों तक जाने वाली सड़क भी तैयार करवाई गई। धार्मिक रस्मों के तहत पाठ और कीर्तन किया गया तथा अरदास के बाद अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं।