कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लग गई। यह घटना सराय बंजारा के पास हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नुकसान की सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। सूत्रों के अनुसार, आग चलती गाड़ी में लगी है।कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के इंजन से पांचवें कोच तक आग लगी है। आग की सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया और यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। रेलवे की टीमें और दमकल विभाग माैके पर पहुंच गया है। नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि अंबाला डिवीजन के सराय बंजारा स्टेशन के पास, अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जाने वाली 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने की सूचना मिली। सेफ्टी सिस्टम के समय पर काम करने की वजह से ट्रेन रुक गई और आग पर काबू पाने का काम चल रहा है। सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। इस घटना में किसी के घायल होने, किसी अन्य तरह के नुकसान या किसी की जान जाने की कोई खबर नहीं है।