भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर सोमवार को अमृतसर पहुंचे और श्री दरबार साहिब में माथा टेका। 15 साल बाद वे दूसरी अमृतसर आए हैं। उनके साथ अमेरिकी अधिकारियों और कांग्रेस से जुड़े प्रतिनिधियों का दल भी मौजूद रहा। श्री दरबार साहिब पहुंचने पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राजदूत के साथ सिख समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत भी हुई। अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी के अनुसार, राजदूत ने अपनी पिछली यात्रा की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि एसजीपीसी की ओर से अमेरिकी राजदूत का स्वागत किया गया और सिख समुदाय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। धामी ने स्पष्ट किया कि राजदूत को कोई औपचारिक मांगपत्र नहीं सौंपा गया। अमेरिका में सिखों से संबंधित आपत्तिजनक तस्वीर/सामग्री के मामले में एसजीपीसी की ओर से अमेरिकी अधिकारियों को भेजे गए ईमेल और उसके बाद सामग्री हटाए जाने का मुद्दा भी इस दाैरान उठा।