चर्चित इंफ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मुख्य शूटर परमिंदर सिंह उर्फ काका को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने करीब 125 किलोमीटर की सीसीटीवी ट्रेल खंगालकर मुख्य शूटर तक पहुंचने का दावा किया है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वारदात के बाद परमिंदर अहमदाबाद फरार हो गया था। पैसे खत्म होने पर उसने अपने भाई अमनदीप सिंह के जरिये पैसे मंगवाने का प्रयास किया। तकनीकी जांच के दौरान क्यूआर कोड स्कैनर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वे जूते भी बरामद किए गए, जो पुलिस के अनुसार वारदात के समय उसने पहने थे। पुलिस के मुताबिक परमिंदर के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके भाई अमनदीप सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों ने अमनदीप के खाते में 16 हजार रुपये भेजे थे, जिनमें से 11 हजार परमिंदर और पांच हजार परमवीर को दिए गए। परमवीर सिंह निवासी लोहियां खास पर हथियार और लॉजिस्टिक सहायता देने, बलराज सिंह उर्फ बंटी पर वारदात से पहले रेकी करने और हथियार पहुंचाने तथा विकास सिंह पर रेकी में सहयोग करने का आरोप है। छठे आरोपी तरनतारन निवासी बलजिंदर सिंह पर आरोपियों को मोटरसाइकिल से आने-जाने में मदद करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ भी पहले चार मामले दर्ज हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस को हत्या के तार गोल्डी ढिल्लों से जुड़े होने का संदेह है। पुलिस के अनुसार इलाके और कारोबारियों में डर पैदा कर गैंग का नाम स्थापित करने और बाद में फिरौती मांगने की साजिश की आशंका है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि हत्या से पहले मैड संधू ने फिरौती संबंधी कोई शिकायत नहीं दी थी। पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए करीब 125 किलोमीटर की सीसीटीवी ट्रेल खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बचने के लिए कच्चे रास्तों, उल्टे रास्तों और हाईवे के गलत साइड का इस्तेमाल किया। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिलों और हथियारों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस के मुताबिक .30 बोर के हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। दूसरे शूटर की पहचान भी कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।