श्री अमृतसर साहिब की 450वीं स्थापना वर्षगांठ को समर्पित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय का तीन दिवसीय ए-जोन युवा उत्सव बुधवार को शुरू हुआ। उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित उत्सव का उद्घाटन डीन विद्यार्थी कल्याण डॉ. सतनाम सिंह देओल ने किया। उत्सव 23 अक्टूबर तक चलेगा। विश्वविद्यालय के युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें पंजाब की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत से जोड़ना है। विभाग के निदेशक डॉ. अमनदीप सिंह ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना विकसित करते हैं। डॉ. सतनाम सिंह देओल ने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।