श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र में इकलौद पुल के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास भी किया। मामला बढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन ने विजयपुर थाना प्रभारी को हटा दिया है।
जानकारी के मुताबिक इकलौद पुल के पास लोडिंग वाहन यानी छोटे हाथी और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कल्लू दीक्षित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार एक अन्य युवक देवू घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- खौफनाक: बेटे की चाह में मां ने एक दिन की नवजात बेटी का गला घोंटा, अस्पताल के बिस्तर पर की ये हैवानियत
हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़क हादसे के आरोपी को पुलिस पकड़ने के बजाय अपने साथ ले गई और बाद में छोड़ दिया गया। इसी बात को लेकर लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी और विजयपुर थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को हटाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने हालात को संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया। विवाद बढ़ने के बाद श्योपुर एसपी मोती उर रहमान ने विजयपुर थाना प्रभारी राजन सिंह गुर्जर को हटाने के आदेश जारी कर दिए। उनकी जगह यास्मीन खान को विजयपुर थाने की नई थाना प्रभारी बनाया गया है।
हालांकि थाना प्रभारी को हटाए जाने के बाद भी ग्रामीणों का आक्रोश पूरी तरह शांत नहीं हुआ और चक्काजाम जारी रहा। प्रदर्शनकारी हादसे के आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सड़क हादसे में एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। मामले में हादसे की जांच के साथ-साथ आरोपी को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।