सतना में एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या के मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उठाई गई जांच की दिशा में टीआई को हटाने की मांग पर अड़े रॉयल राजपूत संगठन के आगे आखिरकार पुलिस प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा और टीआई पंकज शुक्ला को सिंहपुर थाने से हटाकर जैतवारा थाना भेजा गया है।
जानें कौन था राहुल सिंह टीकर?
गौरतलब है कि बीते 7 सितंबर को सिंहपुर थाना क्षेत्र के टीकर गांव में हिस्ट्रीशीटर राहुल सिंह की हत्या हुई थी। हत्याकांड के मुख्य आरोपी चाचा-भतीजे पकड़े गए थे। आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई और उन्हें जेल भेज दिया गया है। लेकिन रॉयल राजपूत संगठन टीआई की कार्रवाई से असंतुष्ट था और अपनी मांगों को लेकर एसपी ऑफिस के गेट पर धरने पर बैठ गया। परिजनों और रॉयल राजपूत संगठन के भारी विरोध तथा 28 घंटे तक चले धरने-प्रदर्शन के बाद सिंहपुर थाना प्रभारी (टीआई) पंकज शुक्ला को हटाकर अब जैतवारा थाना भेज दिया गया है।
रॉयल राजपूत संगठन इस मांग पर अड़ा था
दरअसल, बीते 7 सितंबर को टीकर गांव में हिस्ट्रीशीटर राहुल सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के दो मुख्य आरोपियों (चाचा-भतीजे) सियाशरण दाहिया एवं अश्विनी दाहिया को चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और मदिरा जब्त की थी।
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी हिस्ट्रीशीटर के परिजन और रॉयल राजपूत संगठन अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी और टीआई को हटाने की मांग पर अड़े रहे। इस मांग को लेकर एसपी ऑफिस के गेट के सामने लगभग 28 घंटे तक जोरदार धरना-प्रदर्शन चला, जिसके बाद दबाव में आकर पुलिस प्रशासन ने यह प्रशासनिक फेरबदल किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें- सांवेर में जर्जर मकान तोड़ते समय पास के मकान की दीवार गिरी, मलबे में दबने से चार महिलाओं की मौत, पांच घायल
राहुल पर दर्ज थे एक दर्जन से अधिक अपराध
हिस्ट्रीशीटर राहुल सिंह की हत्या के मामले में एक नया और अहम पहलू सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मृतक हिस्ट्रीशीटर राहुल सिंह (निवासी टीकर, थाना सिंहपुर, जिला सतना) के खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या (धारा 302 IPC), हत्या का प्रयास, डकैती, एससी/एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे कई संगीन अपराध शामिल हैं।