दीपावली से पहले मिलावटी खाद्य सामग्री की आशंका को देखते हुए खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार सुबह नवीन बस स्टैंड पर बनारस से आई गौतम ट्रैवल्स की बस से बड़ी मात्रा में मावा, मिल्क केक, बूंदी और अन्य खाद्य सामग्री बरामद की गई। खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि बस के जरिए संदिग्ध खाद्य सामग्री रीवा भेजी जा रही है। टीम के पहुंचते ही सामान लेने वाला कथित व्यापारी मौके से गायब हो गया।
बस से उतरी खेप, लेने नहीं पहुंचा व्यापारी
खाद्य विभाग की टीम ने नवीन बस स्टैंड पर पहुंचकर बस से उतारे गए सामान की जांच की। इस दौरान मावा, मिल्क केक, बूंदी सहित मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली। बताया जा रहा है कि यह खेप बनारस से रीवा भेजी गई थी। सामान लेने के लिए जिस व्यापारी के पहुंचने की जानकारी थी, वह कार्रवाई के दौरान मौके पर नहीं मिला।
पढे़ं: नवाचार: प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताल आज से कागज-रहित, सेहत का रिकॉर्ड अब डिजिटल
बड़े दुकानदारों तक पहुंचने की आशंका
बरामद सामग्री में मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल भी शामिल है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह खेप किस व्यापारी के लिए भेजी गई थी और रीवा में इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद त्योहारी सीजन में शहर में बाहर से आने वाली खाद्य सामग्री की सप्लाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बनारस से सामान भेजने वाले तक पहुंचने की कोशिश
फिलहाल खाद्य विभाग की टीम गौतम ट्रैवल्स के माध्यम से उस व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है, जिसने बनारस से यह सामान रीवा भेजा था। बरामद खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे जाने के बाद ही इसकी गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।