फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खंडवा: दिनभर चले घटनाक्रम के बाद देर शाम जेसीबी से हटाई दरगाह, अधिकारी बोले दिन का अधूरा काम हुआ पूरा

Tue, 17 Nov 2026 09:21 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

मध्य प्रदेश के खंडवा में मानसिंह ऑयल मिल के पास सड़क किनारे बनी प्राचीन दरगाह को लेकर मंगलवार सुबह से जारी विवाद देर रात प्रशासनिक कार्रवाई के साथ समाप्त हुआ। जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीम ने रात करीब 8 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से दरगाह को हटा दिया। करीब 10 मिनट में ढांचा ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद नगर निगम की गाड़ियों से मलबा हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आसपास के रास्तों को बंद कर दिया था। प्रशासन की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही धीरे-धीरे मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और लोगों को मौके से दूर कर दिया। इसके बाद पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई।

ये भी पढ़ें- हथियारबंद पांच बदमाशों ने एक ही गांव के पांच घरों को बनाया निशाना, लाखों का माल लेकर फरार

सुबह विरोध के चलते रोकनी पड़ी थी कार्रवाई
दरअसल, मंगलवार सुबह जिला प्रशासन की टीम मानसिंह ऑयल मिल के पास सड़क किनारे बनी दरगाह को हटाने पहुंची थी। इस दौरान मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। आरोप है कि प्रशासन की टीम ने दरगाह पर बना टीन शेड जबरन हटा दिया था। विरोध बढ़ने पर प्रशासन ने आगे की कार्रवाई टाल दी।

सिटी मजिस्ट्रेट और शहर काजी के बीच बहस पर भी विवाद
इसी बीच शाम को हिंदू समाज से जुड़े कुछ संगठनों के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने दिन में सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर और शहर काजी सैयद निसार अली के बीच हुई बहस पर आपत्ति जताई। संगठनों का आरोप था कि शहर काजी ने हिंदू मंदिरों को लेकर टिप्पणी की और सिटी मजिस्ट्रेट के साथ अभद्रता की। उन्होंने शहर काजी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रशासन ने बताया अधूरी कार्रवाई पूरी की
देर शाम करीब 8 बजे प्रशासन और पुलिस की टीम दोबारा मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल ने चारों ओर मोर्चा संभाला और जेसीबी की मदद से दरगाह को हटा दिया गया। इसके बाद मलबा भी मौके से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।

कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने बताया कि दिन में जो काम अधूरा रह गया था, उसे अब पूरा कर दिया गया है। प्रशासन ने कार्रवाई पूरी होने की बात कही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें