आपसी रंजिश के कारण चार-पांच नवयुवकों ने एक किशोर की चाकू व पत्थर मारकर हत्या कर दी। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश प्रारंभ कर दी है।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद्र बघेल के अनुसार चार खंभा मजार के समीप रहने वाला नौशाद अली उम्र 17 साल अपने चाचा की दुकान में वेल्डिंग का कार्य करता था। किशोर रात लगभग 1 बजे घर लौट रहा था। तभी रास्ते में आपसी रंजिश के कारण चार-पांच नवयुवकों ने उसे घेर कर सिर पर पत्थर तथा चाकू से हमला कर दिया। जिसके कारण किशोर रक्त रंजिश अवस्था में बेहोश होकर गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी नवयुवक फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- छठ पर बुझ गया चिराग: पटना एक्सप्रेस में चार वर्षीय मासूम की मौत, जीआरपी ने गांव भिजवाया शव
परिजन गंभीर अवस्था में घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
थाना प्रभारी बघेल ने बताया कि विगत सितंबर माह में नौशाद ने आरोपी पक्ष के एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की थी। इसका बदला लेने के लिए आरोपी पक्ष द्वारा हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और उनके संभावित ठिकानों में दबिश जारी है।