ग्वालियर शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां आठ साल की मासूम बच्ची के साथ उसके ही फूफा ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। आरोपी बच्ची को टिक्की खिलाने का लालच देकर अपने कमरे पर ले गया और वहां अकेला पाकर उसके साथ गलत हरकत की। बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और चोट भी पहुंचाई। घटना के बाद बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची और मां को पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
टिक्की खिलाने का लालच देकर बाइक पर बैठाया
पुलिस के मुताबिक घटना शाम करीब 4 बजे की है। आठ साल की बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उसका फूफा वहां पहुंचा। आरोपी ने बच्ची को टिक्की खिलाने का लालच दिया और उसे अपनी बाइक पर बैठाकर अपने कमरे पर ले गया। आरोप है कि कमरे पर अकेला पाकर आरोपी ने बच्ची के साथ गलत हरकत की। बच्ची ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और चोट पहुंचाई।
ये भी पढ़ें- पहले सीएम हेल्पलाइन फिर थाने पहुंचा अजीब मामला: रात एक बजे थाने आ धमकी महिला, फरियाद ऐसी कि पुलिस भी हैरान
घर पहुंचकर मां को बताई आपबीती
घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची। उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। बच्ची की बात सुनकर परिजन घबरा गए। पिता के घर पहुंचने के बाद परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी और पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और उसकी शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। वारदात के बाद आरोपी अपने घर से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि बालिका की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।