फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्य प्रदेश: भोपाल से झारखंड जा रही स्कॉर्पियो में धमाके के साथ लगी आग; बाल-बाल बचे पांचों सवार

Fri, 09 Oct 2026 07:12 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह-कटनी मार्ग पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुम्हारी थाना क्षेत्र के टेढ़ा नाला के पास भोपाल से झारखंड जा रही एक स्कॉर्पियो कार में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों और कार सवारों के मुताबिक, आग लगने से पहले वाहन में विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद कार के अगले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं।

खतरे को भांपते हुए वाहन में सवार सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी को चोट नहीं आई और न ही कोई जनहानि हुई।

कार में सवार थे रांची के पांच लोग
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो क्रमांक JH 07 G 9764 में पांच लोग सवार थे। सभी झारखंड के रांची के रहने वाले बताए गए हैं। वे भोपाल में अपने रिश्तेदार के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शुक्रवार सुबह झारखंड के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में कुम्हारी थाना क्षेत्र के टेढ़ा नाला के पास अचानक वाहन में आग लग गई।

कार सवार रेखा ने बताया कि पहले वाहन में अचानक विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद जब उन्होंने स्थिति देखी तो कुछ समझ नहीं आया। इसी दौरान कार के अंदर आग फैलने लगी, जिसके बाद सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में घबराहट फैल गई, लेकिन समय रहते बाहर निकलने के कारण सभी सुरक्षित बच गए।

दामाद की तेरहवीं से लौट रहा था परिवार
कार में सवार 65 वर्षीय नारायण बरई ने बताया कि उनके दामाद का निधन हो गया था। वह परिवार के साथ भोपाल में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वे वापस रांची लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि जैसे ही कार के अगले हिस्से से आग की लपटें उठती दिखाई दीं, सभी लोग वाहन से बाहर निकल आए।

घटना के बाद परिवार के सामने आगे की यात्रा को लेकर परेशानी खड़ी हो गई। यात्रियों ने भोपाल वापस जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें वापस भेजने की व्यवस्था शुरू की।

पुलिस और डायल 112 की टीम ने संभाला मोर्चा
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाने में पदस्थ एएसआई महेश उपाध्याय पुलिस बल और डायल 112 की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर एएसआई महेश उपाध्याय के साथ आरक्षक बलवंत सिंह और राजेश लोधी ने भी राहत कार्य में भूमिका निभाई।

पुलिस के समय पर पहुंचने और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। घटना के कारण मार्ग से गुजर रहे लोगों में कुछ समय तक हलचल बनी रही। आग बुझने के बाद यात्रियों को राहत मिली, लेकिन वाहन जलने के कारण उनकी आगे की यात्रा प्रभावित हो गई।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण
फिलहाल स्कॉर्पियो में आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आग लगने से पहले विस्फोट जैसी आवाज सुनाई देने की बात कही है। वाहन की हालत देखकर उसके पुराना मॉडल होने की बात भी सामने आई है। आग लगने के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। चलती कार में अचानक आग लगने के बावजूद सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। पुलिस ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए भोपाल भेजने की व्यवस्था की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें