फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बालाघाट में हादसा: गणेश विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में दो जिंदगियां डूबीं, बचाव टीम ने निकाले शव

Fri, 25 Sep 2026 10:41 PM IST
बालाघाट ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालाघाट

बालाघाट जिले में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग थानों के अंतर्गत दर्दनाक हादसे सामने आए हैं। यहां तालाब के गहरे पानी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने शवों को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना किरनापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दहेदी पंचायत के मोरवाही गांव की है। शुक्रवार को गांव की सार्वजनिक गणेश उत्सव समिति द्वारा स्थापित की गई प्रतिमा के विसर्जन के लिए धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई थी। विसर्जन के दौरान गांव के ही तालाब में 17 वर्षीय किशोर तन्मय (पिता बालगिरी गोसाई) गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोपहर को हुए इस हादसे के बाद काफी मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका। किरनापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।

ये भी पढ़ें- गणेश विसर्जन के लिए खदान में उतरा 16 वर्षीय किशोर, गहरे पानी ने छीन ली जिंदगी

दूसरी दुखद घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गर्रा के सालईटोला में घटित हुई। गर्रा मशीनटोला का रहने वाला एक व्यक्ति अपने घर की गणेश प्रतिमा को विसर्जित करने स्थानीय तालाब पर गया था। विसर्जन की प्रक्रिया के दौरान अचानक पैर फिसलने या अनियंत्रित होने से वह गहरे पानी में समा गया और उसकी डूबने से मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बालाघाट से एसडीईआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। टीम प्रभारी भीष्म सिंह सूर्यवंशी के नेतृत्व में जवान योगेश बघेल, परसराम कोकोटे, हीरालाल टेकाम, करण सिंह वल्के और चितेश्वर राहंगडाले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तालाब से शव को बाहर निकाला। पुलिस दोनों ही मामलों में कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आगे की जांच में जुट गई है। उत्सव के दिन हुए इन दो हादसों से प्रभावित परिवारों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें