फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बालाघाट: कारंजा में भागवत ने किया स्मृति भवन एवं माधव नेत्रालय का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा

Tue, 06 Oct 2026 07:18 PM IST
बालाघाट ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालाघाट

लांजी क्षेत्र के ग्राम कारंजा में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पहुंचे। उन्होंने यहां नवनिर्मित स्मृति भवन एवं बालासाहेब देवरस माधव नेत्रालय का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों सहित संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि पिछले 200 वर्षों में भारत में जितने महापुरुष हुए हैं, उतने पूरी दुनिया के इतिहास में देखने को नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि भारत की मिट्टी में सेवा और संवेदना का भाव है। दूसरों के दुख को देखकर हमारी आंखें नम हो जाती हैं। उन्होंने एक विमान से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में अपने प्राणों की परवाह किए बिना दूसरों की जान बचाने का प्रयास करना भारतीय संस्कार और सेवा भावना का परिचायक है।

डॉ. भागवत ने बालासाहेब देवरस और भाऊराव देवरस के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों भाइयों का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। वे सामान्य व्यवहार के साथ समाज और राष्ट्र के लिए निरंतर कार्य करते रहे और भारत की सेवा को अपना जीवन ध्येय बनाया।

ये भी पढ़ें- खौफनाक: बेटे की चाह में मां ने एक दिन की नवजात बेटी का गला घोंटा, अस्पताल के बिस्तर पर की ये हैवानियत

देवरस बंधुओं के जीवन और योगदान की स्मृतियां होंगी संरक्षित
ग्राम कारंजा में निर्मित स्मृति भवन का उद्देश्य संघ के तृतीय सरसंघचालक बालासाहेब देवरस तथा उनके छोटे भाई भाऊराव देवरस के जीवन, विचार, कार्य एवं संघ से जुड़े योगदान की स्मृतियों को संरक्षित और प्रदर्शित करना है। सेवा न्यास के अनुसार भवन के माध्यम से देवरस बंधुओं के सामाजिक एवं राष्ट्रसेवा से जुड़े कार्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। बालासाहेब देवरस संघ के तृतीय सरसंघचालक रहे, जबकि भाऊराव देवरस प्रचारक के रूप में संगठन कार्य से जुड़े रहे।

माधव नेत्रालय से ग्रामीणों को मिलेगी नेत्र चिकित्सा सुविधा
लोकार्पित बालासाहेब देवरस माधव नेत्रालय का संचालन माधव नेत्रालय द्वारा किया जाएगा। इसके माध्यम से कारंजा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र जांच एवं उपचार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर नेत्र संबंधी सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
बताया गया कि कारंजा में बालासाहेब देवरस से जुड़े सेवा प्रकल्पों के तहत पहले से ही स्कूल, आवासीय विद्यालय, गौशाला और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
डॉ. मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर कारंजा में व्यापक तैयारियां की गई थीं। आयोजन स्थल पर करीब दो हजार लोगों के बैठने के लिए पंडाल बनाया गया था। संघ पदाधिकारियों ने कार्यक्रम से पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

करीब 1500 जवानों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
डॉ. मोहन भागवत के आगमन को देखते हुए कारंजा में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में करीब 1500 जवानों की तैनाती की गई। इनमें सीआरपीएफ, हॉक फोर्स, जिला पुलिस बल के साथ सीआईएसएफ के जवान भी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई थी। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें