महानगर गोल मार्केट में दुकानों के सामने फुटपाथ और पार्किंग की जगह पर 10 फीट से अधिक ऊंचे अंडाकार लोहे के जाल लगाए जाने का व्यापारियों ने विरोध किया। सोमवार को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रदर्शन कर काम रोकने की मांग की। संजय गुप्ता ने कहा कि दुकानों के सामने इतने ऊंचे जाल लगाए जाने से दुकानों का दिखाव प्रभावित होगा। इससे ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने और आने-जाने में भी परेशानी होगी। व्यापारियों ने जाल लगाने का काम तत्काल रोकने की मांग की है। संजय गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि काम नहीं रोका गया तो संगठन की ओर से आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।