रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शुक्रवार को जानकीपुरम स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा से भारत को फिर विश्व गुरु के गौरवशाली स्थान पर प्रतिष्ठित करने की शक्ति, सामर्थ्य और संकल्प देने की प्रार्थना की। राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा तेजी से बढ़ी है। पहले दुनिया भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लेती थी, लेकिन अब भारत क्या कह रहा है, इसे पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है। उन्होंने मां दुर्गा से देश को फिर विश्व गुरु के पद पर प्रतिष्ठित करने का आशीर्वाद मांगा। पूजा स्थल के लिए दूसरी जगह देने का आश्वासन कार्यक्रम के दौरान दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने राजनाथ सिंह से पूजा स्थल के लिए दूसरी जगह उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर रक्षा मंत्री ने उन्हें दूसरी जगह उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधायक डॉ. नीरज बोरा, दुर्गा पूजा समिति के सचिव राकेश पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।