रविशंकर गुप्ता राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में टाटा ट्रस्ट और अन्य कंपनियों के सहयोग से ड्रीम लैब में बच्चे रोबोट, ईवी और ड्रोन के अलावा अन्य घरेलू बिजली उपकरण बनाना सीखेंगे। कक्षा 9 से 12 तक बच्चों को ये प्रशिक्षण मिलेगा। कॉलेज में आईआईटी की तर्ज पर स्थापित लैब का अवलोकन शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में किया। राजकीय जुबिली कॉलेज पहुंचे पार्थ सारथी सेन शर्मा ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि इसका उद्देश्य छात्रों को आधुनिक और उद्योग-अनुकूल तकनीकों का प्रशिक्षण देना है। इस लैब में छात्रों को कंप्यूटर एडेड डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स, वर्चुअल रियलिटी और ऑगमेंटेड रियलिटी जैसी तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद छात्रों को प्रमाण पत्र भी मिलेगा। इस हब से तीन अन्य राजकीय इंटर कॉलेज स्पोक के रूप में जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि उद्घाटन की औपचारिकताएं पूरी होते ही छात्रों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।