भारतीय किसान यूनियन (अवध) राजू गुप्ता संगठन ने सात सितंबर को जानकीपुरम थाने पर हुई किसान महापंचायत में मिले आश्वासन पूरे न होने पर नाराजगी जताई है। संगठन ने 24 सितंबर को एसीपी अलीगंज कार्यालय पर दोबारा किसान महापंचायत और धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पैकरामऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजू गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछली महापंचायत की समीक्षा की गई। राजू गुप्ता ने कहा कि पुलिस और तहसील प्रशासन ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। प्रदेश अध्यक्ष मो. हलीम ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने किसानों को दिए आश्वासनों को गंभीरता से नहीं लिया। संगठन ने कहा कि 24 सितंबर को समस्याओं का समाधान होने तक धरना जारी रखा जाएगा और इस बार केवल आश्वासन पर आंदोलन समाप्त नहीं होगा। महापंचायत की सूचना जिला व पुलिस प्रशासन समेत संबंधित अधिकारियों को दी गई है।