मोहनलालगंज-गोसाईगंज मार्ग स्थित निर्माणाधीन एल्डिको सिटी में मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बेसमेंट में काम कर रहे सीतापुर निवासी श्रमिक राजेश कुमार (40) की मिट्टी के मलबे में दबकर मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया। निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर साथी मजदूरों में नाराजगी है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को राजेश कुमार बेसमेंट में शटरिंग खोलने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बेसमेंट की मिट्टी ढह गई और वह मलबे में दब गया। साथी मजदूरों ने आनन-फानन मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला और निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ठेकेदार के मौके से गायब होने को लेकर मजदूरों में आक्रोश है। उनका सवाल है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए और श्रमिकों से बिना सुरक्षा उपकरणों के काम क्यों कराया जा रहा था। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि बेसमेंट में मिट्टी के मलबे में दबकर श्रमिक की मौत हुई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।