महापौर सुषमा खर्कवाल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडी’ गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही चुनावी हार के बाद विपक्ष अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और सेना जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। महापौर ने 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों की ओर से जारी संयुक्त बयान का हवाला दिया। चुनाव आयोग ने 26 सितंबर की बैठक के बाद कहा था कि एसआईआर समेत संबंधित फैसले सर्वसम्मति से लिए गए। सुषमा खर्कवाल ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को अपनी राजनीतिक कमजोरियों पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करने और देश तथा संवैधानिक संस्थाओं से बिना शर्त माफी मांगने की अपील की।