जनकी विहार कॉलोनी में बुधवार दोपहर स्कूटी सवार युवक ने 67 वर्षीय वृद्धा को बच्चे के रोने का झांसा देकर रोका और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन लूट ली। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। कानपुर सिटी निवासी जागृति त्रिपाठी (67) अपनी बेटी और दामाद के साथ जनकी विहार कॉलोनी में बीबी मिश्रा के मकान में किराये पर रहती हैं। उनके दामाद निजी कर्मचारी अमित शर्मा ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे जागृति 60 फीट रोड स्थित महालक्ष्मी स्वीट से मिठाई लेने गई थीं। लौटते समय बिना नंबर की लाल रंग की स्कूटी सवार युवक ने उन्हें रोककर कहा कि उसका बच्चा रो रहा है, उसे चुप कराने में मदद कर दें। आरोप है कि जागृति युवक के पीछे कुछ दूर चली गईं। इसी दौरान उसने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली और स्कूटी से फरार हो गया। पैरालिसिस के कारण जागृति ठीक से बोल नहीं पाती हैं और घटना के समय शोर भी नहीं मचा सकीं। घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने 112 पर सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी लाल रंग का हेलमेट लगाए था। कुछ सीसीटीवी फुटेज मिली हैं। आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। 12 दिन पहले भी महिला से लूटी थी बाली 18 सितंबर को जानकीपुरम विस्तार में तिवारीपुर निवासी मधु (60) सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। सरिता पैलेस के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और जबरन कान की बाली लूट ली थी। मधु के शोर मचाने पर बदमाश बाइक से फर्राटा भरते हुए भाग निकले थे। घटना के 12 दिन बाद भी पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। लगातार दो घटनाओं में वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाए जाने से इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।