लखनऊ के फैजुल्लागंज चतुर्थ वार्ड के दाउदनगर पावर हाउस के पास मुरदैय्या में जलभराव, गंदगी और बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता व उत्तर विधानसभा प्रभारी पूजा शुक्ला मंगलवार शाम क्षेत्रीय लोगों के साथ पानी में उतर गईं। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ प्रदर्शन कर जिम्मेदारों के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में ‘हम पलायन पर मजबूर हैं, विधायक लापता है’ लिखे पोस्टर लेकर नारेबाजी की। विरोध दर्ज कराने के लिए लोगों ने अपने घरों के बाहर भी इसी संदेश वाले पोस्टर चस्पा किए। लोगों का कहना था कि लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई है। सड़कें भी जर्जर हैं। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह यहां से पलायन करने को मजबूर होंगे। पूजा शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र के हालात बेहद भयावह हैं। जलभराव के कारण लोग दवा और राशन लेने तक नहीं जा पा रहे हैं। आपात स्थिति में एंबुलेंस भी यहां तक नहीं पहुंच सकती। उन्होंने नगर निगम, मेयर, विधायक और पार्षद पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी सरकार को आम जनता की परेशानी और बेबसी दिखाई नहीं दे रही है।