फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी और पवन विहार में जलभराव से परेशान लोगों ने बुधवार शाम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उत्तर विधानसभा प्रभारी पूजा शुक्ला के साथ स्थानीय लोगों ने मामा कॉलोनी से गुजर रहे एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश की गाड़ी रोककर नारेबाजी की और राहत की मांग की। पूजा शुक्ला शाम को दोनों कॉलोनियों में पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जलभराव के बावजूद प्रशासन की ओर से नाव की व्यवस्था नहीं की गई है। मामा कॉलोनी में निजी नाव चल रही है। इससे लोगों को आने-जाने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने गोमती का पानी कॉलोनी में आने से रोकने और आवागमन के लिए नाव उपलब्ध कराने की मांग की। इसी दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश काफिले के साथ वहां से गुजरे। लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली और अपनी समस्याएं बताईं। पूजा शुक्ला ने भी जलभराव से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने और नाव चलाने का अनुरोध किया। इसके बाद पूजा शुक्ला ने नगर आयुक्त से फोन पर बात की और प्रभावित इलाकों में जल्द राहत पहुंचाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने जलनिकासी के साथ गोमती का पानी बस्तियों में आने से रोकने के स्थायी इंतजाम की मांग की।