बरसात के बीच बसंत कुंज उपकेंद्र की चरमराई बिजली व्यवस्था और अधिकारियों के फोन न उठाने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार देर रात फूट पड़ा। दोपहर तीन बजे से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान लोगों ने आधी रात करीब 12 बजे दुबग्गा के पॉवर हाउस चौराहे पर पुलिस के लगे बैरिकेडिंग और बैरियर लगाकर जाम कर दिया। इससे आईआईएम-दुबग्गा रोड पर भीषण जाम लग गया। बारिश के बीच जाम में फंसे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।मोहान रोड स्थित 33 केवी लाइन में आए फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। देर रात करीब दो बजे आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। बरी कला, बरावन कला, शाहपुर ,भमरौली, मर्दापुर ,फरीदीपुर, बेगरिया समेत आसपास के इलाकों के उपभोक्ता बुधवार दोपहर तीन बजे से बिजली गुल होने और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल न होने से नाराज थे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली निगम के कर्मचारी और अधिकारी न तो फोन उठा रहे थे और न ही बिजली आपूर्ति बहाल होने के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी दे रहे थे।इससे आक्रोशित उपभोक्ता बुधवार देर रात बसंत कुंज उपकेंद्र पहुंचे, लेकिन वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला। इसके बाद नाराज लोगों ने दुबग्गा से आईआईएम रोड स्थित पॉवर हाउस चौराहे को जाम कर दिया। उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के अवर अभियंता और एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इनवर्टर भी जवाब दे गए, पानी पीने को तरस गए लोग प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। बिजली न होने से पानी की समस्या गंभीर हो गई और लोग पीने के पानी तक के लिए परेशान रहे। उपभोक्ताओं का कहना था कि बिजली कटौती के कारण घरेलू कामकाज के साथ व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।लोगों का आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारियों को लगातार फोन किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आरोप यह भी लगाया गया कि अधिकारियों के मोबाइल और सीयूजी नंबर तक बंद कर दिए गए, जिससे उपभोक्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने, अधिकारियों को बुलाने पर अड़े रहे जाम और प्रदर्शन की सूचना पर इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बिजली निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहने से एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। बारिश के बीच जाम में फंसे राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि उपभोक्ताओं को जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने और आपूर्ति बाधित होने के कारण की जानकारी दिलाने का आश्वासन दिया गया।इसके बाद नाराज उपभोक्ता जाम खोलकर अपने-अपने घरों को लौट गए।