अमीनाबाद स्थित महिला विद्यालय इंटर कॉलेज में बुधवार को विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, सौर ऊर्जा और दैनिक जीवन को सरल बनाने वाली तकनीकों पर आधारित वर्किंग मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। प्रदर्शनी का अवलोकन मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने किया। उन्होंने छात्राओं के प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनियों के माध्यम से विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, शोध की प्रवृत्ति और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। छात्राओं ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रदर्शनी में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित अन्य उपस्थित लोगों ने छात्राओं के मॉडल की सराहना की।