चिनहट। विधायक चौराहा स्थित रामलीला भवन के पास मुख्य मार्ग पर करीब 25 दिनों से बिजली का पोल के निचले सिरे के जंग लगाकर कट जाने से झुका हुआ है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में हादसे का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासी एवं रामलीला मेला समिति के अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय ने बताया कि करीब 25 दिन से मुख्य मार्ग पर लगा बिजली का पोल एक ओर झुका हुआ है। इसकी मौखिक शिकायत बिजली विभाग के कर्मचारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक पोल को ठीक कराने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं स्थानीय निवासी रामलखन वर्मा ने बताया कि यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है। यदि झुका हुआ बिजली का पोल अचानक गिर गया तो राहगीरों और वाहन चालकों के साथ गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने बिजली विभाग से जल्द से जल्द पोल को दुरुस्त कराने की मांग की। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होना चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते पोल को ठीक कराना चाहिए। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।