लखनऊ में गुडंबा क्षेत्र के मारुति नंदन श्रीकृष्ण लीला मैदान ट्रस्ट, मोहिबुल्लापुर की ओर से आयोजित नौ दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का रविवार को भव्य शोभायात्रा के साथ समापन हुआ। शोभायात्रा मोहिबुल्लापुर स्थित दुर्गा मंदिर से शुरू हुई। इसमें रामडोल के साथ विभिन्न आकर्षक झांकियां, ऊंट, घोड़े, नंदी, बुलडोजर, तोप और बैंड शामिल रहे। श्रद्धालु श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा श्रीनगर, अजीज नगर, रामलीला मैदान और गायत्री नगर पुलिया होते हुए मड़ियांव थाने पहुंची। यहां थाना परिसर स्थित मंदिर में आरती की गई। इसके बाद यात्रा सीतापुर रोड होते हुए ताड़ीखाना क्रॉसिंग से विंध्याचल मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि नौ दिवसीय आयोजन के दौरान माता की झांकी, कवि सम्मेलन, शिव की झांकी और खाटू श्याम भजन समेत कई धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शोभायात्रा में ट्रस्ट अध्यक्ष ओमप्रकाश लोधी, उपाध्यक्ष अजीत सिंह, राजेश शर्मा, विपिन, राजीव पांडे, सुनील तिवारी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।