सिलीगुड़ी> खराब मौसम के कारण पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का हेलीकॉप्टर मंगलवार को कालिम्पोंग में नहीं उतर सका। कम दृश्यता के चलते पायलट ने उतरने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर को वापस सिलीगुड़ी लौटना पड़ा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उत्तरकन्या से ही वर्चुअल माध्यम से कालिम्पोंग के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कालिम्पोंग के लोगों को कई विकास योजनाओं की सौगात दी और विभिन्न जनकल्याणकारी सुविधाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सरकार की तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कालिम्पोंग में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अगली बार कालिम्पोंग पहुंचने पर इसकी आधारशिला रखी जाएगी। खराब मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाने के बावजूद मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे।