उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के माइना में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने नौहराधार में एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एचआरटीसी के बस अड्डे की आधारशिला रखी। इसके अलावा करीब चार करोड़ रुपये के पेयजल योजनाओं और कार्यालय-आवास नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री ने 70 लाख रुपये की लागत से पिपलीघाट में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। जल जीवन मिशन के तहत 1.12 करोड़ रुपये से चाड़ना पंचायत के विभिन्न गांवों के लिए निर्मित उठाऊ पेयजल योजना और 2.12 करोड़ रुपये से सांगना, सताहन और साथ लगते गांवों के लिए निर्मित प्रवाह पेयजल योजना भी जनता को समर्पित की। इसके बाद माइना बाग में पूर्व विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह की 78वीं जयंती एवं 15वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, रेणुकाजी विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और नाहन विधायक अजय सोलंकी सहित अन्य नेताओं ने भी डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नेता कारखानों में नहीं, बल्कि तप, संघर्ष और जनसेवा से बनते हैं। उन्होंने डॉ. प्रेम सिंह के योगदान को याद किया। उपमुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में पीपल का पौधा रोपा। रेणुकाजी विधायक विनय कुमार ने कहा कि 2027 में कांग्रेस फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि सिरमौर से कांग्रेस के सभी प्रत्याशी दोबारा जीत हासिल करेंगे। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि सिरमौर को प्रदेश का सिरमौर बनाना है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने डॉ. प्रेम सिंह के छह बार रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का उल्लेख किया। कार्यक्रम में उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी, सिरमौर जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तपेंद्र चौहान सहित कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।