फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना में एंटी चिट्टा वॉकाथॉन का आगाज, ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ की प्रस्तुति ने बांधा समां

नशे के खिलाफ जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए ऊना में बुधवार को एंटी चिट्टा एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता वॉकाथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इंदिरा गांधी स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से हजारों विद्यार्थी पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू कार्यक्रम में पहुंचकर रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। वॉकाथॉन के लिए सुबह से ही स्टेडियम परिसर में विद्यार्थियों की आवाजाही बनी हुई है। विभिन्न स्कूलों और शिक्षण संस्थानों से बच्चे कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देना है। कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ ने प्रस्तुति दी। पुलिस बैंड की धुनों से स्टेडियम परिसर में मौजूद विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस बैंड की प्रस्तुति के बाद वॉकाथॉन को रवाना किया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ विद्यार्थी और अन्य प्रतिभागी नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश लेकर रैली में शामिल होंगे। वॉकाथॉन इंदिरा गांधी स्टेडियम से शुरू होकर आईएसबीटी ऊना तक जाएगी। वहां से यू-टर्न लेकर वापस स्टेडियम में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सुबह करीब 10 बजे रैली को हरी झंडी दिखाएंगे और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ वॉकाथॉन में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद करेंगे और नशे से दूर रहने का संदेश देंगे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण तथा नशे के खिलाफ जागरूकता को लेकर शपथ भी दिलाई जाएगी। वॉकाथॉन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल और रैली के मार्ग पर विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। ऊना शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित मार्गों पर व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कार्यक्रम की निगरानी ड्रोन के माध्यम से भी की जा रही है। आसमान से पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी जा रही है, ताकि भीड़ की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी बनी रहे। एंटी चिट्टा एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता वॉकाथॉन में हजारों विद्यार्थियों की भागीदारी से ऊना में नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़कर उन्हें नशे से दूर रहने और स्वस्थ भविष्य के लिए जागरूक किया जा रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें