धार्मिक नगरी चिंतपूर्णी में रविवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार की छुट्टी होने के चलते सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन को सुबह करीब 3:30 बजे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोलने पड़े। रविवार को दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल देखने को मिली। माता रानी के दर्शनों के लिए भक्तों की लंबी कतारें पुराने बस स्टैंड से आगे तक पहुंच गईं। सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुओं की लाइनें लगातार लगी रहीं। भारी भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को माता रानी के दर्शन करने के लिए करीब डेढ़ से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, लंबा इंतजार करने के बावजूद भक्तों में मां के दर्शनों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े हुए। पुराने बस स्टैंड से लेकर नीचे की ओर लगी लंबी कतारों में सुरक्षा कर्मियों की कमी साफ दिखाई दी। भीड़ को नियंत्रित करने और कतारों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की आवश्यकता महसूस हुई। खासकर जब श्रद्धालुओं की कतारें काफी दूर तक पहुंच गई थीं, उस समय भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत दिखाई दी। रविवार को उमड़ी भारी भीड़ ने एक बार फिर मां चिंतपूर्णी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाया। सुबह तड़के से लेकर शाम तक भक्त माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचते रहे। लंबा इंतजार भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर पाया।