फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना: डीएवी स्कूल लठियाणी में साइबर सुरक्षा पर सीबीएसई कार्यशाला, शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के बीच शिक्षकों को जागरूक करने के उद्देश्य से डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लठियाणी में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तत्वावधान में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय 'साइबर सेफ्टी एंड सिक्योरिटी' रहा। इसमें विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य वरुण शर्मा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रूप लाल पाठक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यशाला में विशेषज्ञ स्रोत वक्ता आदित्य शर्मा और राहुल शर्मा ने शिक्षकों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। दीप प्रज्वलन को ज्ञान, जागरूकता और सकारात्मक सोच का प्रतीक बताया गया। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसमें ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, पहचान की चोरी, फर्जी लिंक, डिजिटल भुगतान से संबंधित ठगी और व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग जैसे विषय शामिल रहे। विशेषज्ञों ने मोबाइल फोन और लैपटॉप का सुरक्षित उपयोग करने, ऐप्स की अनुमतियों की जांच करने, मजबूत पासवर्ड रखने और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय भी बताए। उन्होंने शिक्षकों को इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने और संदिग्ध लिंक या संदेशों से बचने के लिए जागरूक किया। विशेषज्ञों ने साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी। इसके साथ ही वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाने के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके अलावा अभिभावकों के बीच भी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य वरुण शर्मा ने कार्यशाला को वर्तमान डिजिटल युग की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। जागरूकता, सतर्कता और जिम्मेदार व्यवहार ही सुरक्षित डिजिटल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कार्यशाला में शामिल विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। यह कार्यशाला शिक्षकों के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी साबित हुई। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को साइबर खतरों की पहचान करने और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों को समझने का अवसर मिला।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें