फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना: संतोषगढ़ के ऐतिहासिक विश्वकर्मा मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 78वां वार्षिक उत्सव शुरू

दीपावली के अगले दिन सोमवार को नगर परिषद संतोषगढ़ स्थित ऐतिहासिक भगवान विश्वकर्मा मंदिर में श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर में 78वें वार्षिक विश्वकर्मा पूजा एवं उत्सव का आयोजन किया गया। सुबह झंडा चढ़ाने के साथ तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। भगवान विश्वकर्मा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंदिर परिसर से लेकर संतोषगढ़ के पुराने बस अड्डे तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। दीपावली के दिन अपने औजारों और मशीनों की पूजा कर उन्हें विश्राम देने वाले कामगार अगले दिन भगवान विश्वकर्मा के दरबार में पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर आने वाले वर्ष में कामकाज में तरक्की, सुख-समृद्धि और उन्नति का आशीर्वाद मांगा। इस वार्षिक उत्सव में केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पंजाब और हरियाणा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर में तीन दिन तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान विभिन्न रागी जत्थों ने भगवान विश्वकर्मा की महिमा का गुणगान किया। इससे मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मंदिर में माथा टेकने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि वे कई वर्षों से यहां पूजा-अर्चना के लिए आते रहे हैं। उनके अनुसार, मैकेनिक, तकनीकी और अन्य कामकाजी क्षेत्रों से जुड़े लोग जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर इस मेले में शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा के दरबार में पूजा कर वे अपने कामकाज में वृद्धि और आने वाले वर्ष में उन्नति की कामना करते हैं। मंदिर कमेटी के सेवादार गुरमुख सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर में पिछले 78 वर्षों से दीपावली के अगले दिन विशेष विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय उत्सव में दूरदराज से कथा वाचक और धार्मिक वक्ता भगवान विश्वकर्मा की महिमा का गुणगान करने पहुंचते हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। गौरतलब है कि विश्वकर्मा को निर्माण, सृजन, शिल्प और वास्तुकला का देवता माना जाता है। इसी मान्यता के चलते तकनीकी और निर्माण कार्यों से जुड़े लोग दीपावली पर अपने औजारों की पूजा कर उन्हें विश्राम देते हैं और अगले दिन भगवान विश्वकर्मा की आराधना के बाद कामकाज दोबारा शुरू करते हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें