अवस्थी कॉलेज ऑफ लॉ नालागढ़ की ओर से नालागढ़ और श्री नयना देवी की सीमा पर स्थित ग्राम बेहल में निशुल्क विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन स्थानीय पंचायत प्रधान कुलविंदर कौर के समन्वय से किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों को निशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी प्रदान करना था। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र कुमार जोधटा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन आम नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कानूनी अधिकारों और न्याय प्राप्त करने के उपलब्ध साधनों की जानकारी होनी चाहिए। ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता संबंधी सुविधाओं की जानकारी मिलती है। पंचायत प्रधान कुलविंदर कौर ने इस शिविर को आयोजित करने के लिए अवस्थी कॉलेज का धन्यवाद किया।