नालागढ़ के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में मंगलवार को श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा के साथ हुआ। तहसील प्रांगण में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पूरा क्षेत्र भजन-कीर्तन और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। शोभायात्रा में क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं सहित अन्य श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा संकीर्तन और बाजे-गाजे के साथ नानक चौक से रवाना हुई। इसके बाद पुराना बाजार स्थित शिव मंदिर, राम चौक, कृष्णा मार्केट, बस अड्डा, प्राचीन दुर्गा मां मंदिर और शीतला मां परिसर से होते हुए कथा पंडाल में पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए धार्मिक आयोजन में अपनी भागीदारी निभाई। आयोजन के दौरान व्यास पीठ पर विराजमान आचार्य नरेंद्र भारद्वाज अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत पुराण की कथा का रसपान करवाएंगे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भागवत प्रसंगों और धार्मिक शिक्षाओं से अवगत करवाया जाएगा। कथा के यजमान हेमशंकर शर्मा ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा 24 नवंबर तक चलेगी। प्रतिदिन कथा का समय दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। कथा के उपरांत रोजाना भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ के साथ रामशहर में धार्मिक उत्सव का माहौल बन गया है। आयोजन के तहत आगामी दिनों में भी श्रद्धालु कथा श्रवण कर सकेंगे और भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।