नालागढ़ पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की मासिक बैठक सोमवार को नरेश घई की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान पेंशन एरियर की अधिसूचना जारी नहीं होने और महंगाई भत्ते के भुगतान में देरी का मामला प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में मौजूद पेंशनरों ने कहा कि सरकार की ओर से किए गए वायदे के अनुसार अभी तक एरियर जारी करने के संबंध में अधिसूचना जारी नहीं हुई है। इसे लेकर पेंशनरों में रोष है। संघ ने मांग की कि इस मामले में जल्द स्थिति स्पष्ट करते हुए आवश्यक अधिसूचना जारी की जाए, ताकि पेंशनरों को उनके लंबित भुगतान के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सके। बैठक में 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। पेंशनरों का कहना था कि उन्हें अभी तक इसका भुगतान नहीं किया गया है। बैठक में पंजाब सरकार की ओर से 8 प्रतिशत महंगाई भत्ते के भुगतान का भी उल्लेख किया गया। संघ ने हिमाचल सरकार से पेंशनरों को देय महंगाई भत्ते के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया। पेंशनरों का कहना है कि महंगाई बढ़ने के बीच डीए उनके लिए महत्वपूर्ण है और लंबित भुगतान को लेकर लगातार इंतजार करना पड़ रहा है। बैठक के दौरान दो नए सदस्यों ने पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की सदस्यता भी ग्रहण की। संघ के पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत किया और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। बैठक में संघ के सचिव कैलाश राणा, कोषाध्यक्ष अदित कंसल, दलीय राणा, निर्मल पुरी, मनसा राम, सोहन लाल चंदेल, हुकम चंद सहित कई पेंशनर्स मौजूद रहे।