देश की सेवा करने वाले सैनिकों के सम्मान और पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर चर्चा के लिए शुक्रवार को बीबीएन पूर्व सैनिक लीग की मासिक बैठक आयोजित की गई। पूर्व सैनिक सामुदायिक भवन में हुई इस बैठक की अध्यक्षता लीग के प्रधान शिव लाल वर्मा ने की। बैठक में सबसे पहले हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक लीग के पूर्व अध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया और हाल ही में डोडा में शहीद हुए सीआईएसएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को नमन किया। इसके बाद बैठक में पूर्व सैनिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में सैनिक कल्याण बोर्ड सोलन की ओर से वेलफेयर ऑर्गनाइजर भी नालागढ़ पहुंचे। उन्होंने पूर्व सैनिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान पूर्व सैनिकों को अपनी दिक्कतें और उनसे जुड़े विषय रखने का अवसर मिला। बैठक में बीबीएन पूर्व सैनिक लीग के उपाध्यक्ष कमल कुमार, सचिव शमशेर चौहान, रूपलाल चंदेल, मदन लाल और दीपक किनायत सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। बैठक में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ पूर्व सैनिकों की समस्याओं को सुनने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।