हिमाचल प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड दस्तक देने लगी है। मौसम हर दिन करवट बदल रहा है। दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि शाम ढलते ही ठंड बढ़ने लगती है। हालांकि, प्रदेश के निचले क्षेत्रों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। ऐसे में मैदानी इलाकों के लोग सुकून और ठंडे मौसम का आनंद लेने के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। सोलन जिले के कसौली और धर्मपुर क्षेत्र में इन दिनों पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है। वीकेंड शुरू होते ही बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। हाईवे पर पर्यटक वाहनों की कतारें दिखाई दे रही हैं, वहीं जंगलों के बीच बने होटल और होम स्टे भी पर्यटकों से भरे हुए हैं। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, बाहरी राज्यों के पर्यटक शुक्रवार से ही कसौली और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पहुंचना शुरू कर देते हैं। कई पर्यटक पहले से ही होटलों और होम स्टे में एडवांस बुकिंग करवाकर रखते हैं, ताकि वीकेंड पर उन्हें ठहरने में परेशानी न हो। निचले क्षेत्रों में गर्मी का असर रहने के कारण लोग परिवार और दोस्तों के साथ पहाड़ों में छुट्टियां बिताना पसंद कर रहे हैं। इसका असर हाईवे पर भी दिखाई दे रहा है, जहां बाहरी राज्यों के सैकड़ों वाहन हिमाचल की ओर आते नजर आ रहे हैं। कसौली क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल और होम स्टे कारोबार में भी तेजी आई है। जंगलों के बीच स्थित होटल पर्यटकों से भरे हुए हैं। कई स्थानों पर ऑक्यूपेंसी फुल बताई जा रही है। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से पर्यटन कारोबारियों को आने वाले दिनों में भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कसौली का मौसम आसपास के क्षेत्रों से कुछ अलग रहता है। यहां की हरियाली, शांत वातावरण और ठंडा मौसम पर्यटकों को आकर्षित करता है। दिन में सुहावना मौसम और शाम को बढ़ती ठंड के बीच पर्यटक पहाड़ी वातावरण का आनंद ले रहे हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना के बीच पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बनी रहने की उम्मीद है।