शहर के गंज बाजार में इस वर्ष जगदंबा रामलीला मंडल की ओर से रामलीला का मंचन किया जाएगा। मंडल ने यह फैसला व्यापारियों, समाजसेवियों और धार्मिक संस्थाओं के साथ हुई बैठक के बाद लिया। विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से लगातार किए जा रहे आग्रह के बाद मंडल ने रामलीला आयोजित करने पर सहमति जताई है। अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित बैठक में अपर बाजार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव मनीष साहनी ने कहा कि चार दशक से अधिक पुरानी रामलीला की परंपरा को टूटने नहीं देना चाहिए। उन्होंने मंडल को आश्वासन दिया कि व्यापारी और आम जनता आयोजन में हर संभव सहयोग देंगे। जगदंबा रामलीला मंडल के निर्देशक हरीश मरवाह ने बैठक में सभी का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि मंडल लंबे समय से गंज बाजार में रामलीला के लिए स्थायी मंच बनाने की मांग कर रहा था। पहले इस दिशा में केवल चर्चा हो रही थी, लेकिन अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मरवाह ने स्थायी मंच का काम शुरू करवाने के लिए पूर्व पार्षद पुनीत शर्मा और नगर निगम सोलन का आभार जताया। स्थायी मंच बनने से रामलीला के आयोजन को व्यवस्थित रूप देने में मदद मिलने की उम्मीद है। रामलीला आयोजन के लिए प्रशासन और नगर निगम की ओर से भी सहयोग का भरोसा दिया गया है। उपायुक्त सोलन ने मंडल को एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने का आश्वासन दिया है। वहीं, नगर निगम ने रामलीला मंचन के लिए हर संभव सहायता देने की बात कही है। बैठक में गुप्ता ने नगर निगम और जिला प्रशासन से दशहरा ग्राउंड में रावण सहित अन्य पुतलों और आतिशबाजी की व्यवस्था गुणवत्ता और भव्यता के साथ करने की मांग की। गुप्ता परिवार ने रामलीला शुरू करवाने के लिए 51 हजार रुपये की राशि भी भेंट की। गंज बाजार में स्थायी मंच का काम शुरू होने और विभिन्न पक्षों से सहयोग का आश्वासन मिलने के बाद इस वर्ष रामलीला मंचन का रास्ता साफ हुआ है। स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और आम जनता के सहयोग से आयोजन की तैयारियां आगे बढ़ाई जाएंगी।