भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चार साल पहले सोलन के ठोडो मैदान में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश की महिलाओं और आम जनता से कई गारंटियां देने का वादा किया था, लेकिन इनमें से कई गारंटियां अब तक पूरी नहीं हुई हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस की ओर से प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं के खातों में हर माह 1500 रुपये डालने का वादा किया गया था। इसके अलावा परिवारों को 300 यूनिट निशुल्क बिजली देने की बात भी कही गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निशुल्क बिजली देना तो दूर, लोगों को लाखों रुपये तक के बिजली बिल आ रहे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन गारंटियों को पूरा करने के बजाय सरकार अब नए घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास अब अंतिम साल बचा है और इसी कारण घोषणाओं का दौर चल रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस की ओर से जनता से किए गए वादों और उनके क्रियान्वयन को लेकर वह हाईकोर्ट में केस करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों का हिसाब लिया जाना चाहिए और यह स्पष्ट होना चाहिए कि चुनाव के दौरान घोषित गारंटियों को किस तरह लागू किया गया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब कांग्रेस सरकार का जाना तय है। बिंदल ने कहा कि जनता कांग्रेस के कार्यकाल और चुनावी वादों को लेकर जवाब मांग रही है। कंगना रणौत मामले पर भी साधा निशाना भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने मंडी से सांसद कंगना रणौत से जुड़े मामले पर कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को पहले यह देखना चाहिए कि वे खुद अधिकारियों के साथ किस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। बिंदल ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है और अब केवल विपक्ष पर दोषारोपण कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए और अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए दूसरे मुद्दों को हवा नहीं देनी चाहिए।