राजकीय प्राथमिक पाठशाला ठाकुरद्वारा में बुधवार को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों का पढ़ाई का स्तर उम्मीद के मुताबिक नहीं मिला। खासतौर पर बच्चों का सामान्य ज्ञान बेहद कमजोर पाया गया। सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे जाने पर विद्यार्थियों के कमजोर प्रदर्शन को देखते हुए उपनिदेशक ने शिक्षकों को बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाई के साथ-साथ आसपास और देश-दुनिया की समसामयिक जानकारी से भी जोड़ा जाए। उपनिदेशक ने शिक्षकों को एक माह के भीतर बच्चों के शैक्षणिक स्तर और सामान्य ज्ञान में ठोस सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और सामान्य ज्ञान में सुधार के लिए नियमित रूप से गतिविधियां आयोजित की जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर और शौचालयों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि पढ़ाई और बच्चों के सीखने के स्तर में सामने आई कमियों को लेकर उपनिदेशक ने आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और शैक्षणिक स्तर में अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर पाठशाला के प्रभारी शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और कक्षा शिक्षण के साथ ऐसी गतिविधियां करवाने को कहा, जिनसे विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़े और वे समसामयिक विषयों से परिचित हो सकें।