विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर सियासत तेज हो गई है। जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी ने कांग्रेस पर इस प्रक्रिया को लेकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से एसआईआर को जनता पर थोपी जा रही प्रक्रिया के तौर पर प्रचारित किया जा रहा है, जबकि चुनाव आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। शिवानी ने कहा कि एसआईआर के माध्यम से पात्र मतदाताओं की मतदाता सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का पूरा अधिकार है। एसआईआर के दौरान फार्म नंबर-6 को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी शिवानी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर चुका है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े विषयों को लेकर लोगों को भ्रमित करने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए। उनके अनुसार चुनाव आयोग की प्रक्रिया का उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करना है। पत्रकार वार्ता के दौरान शिवानी ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को धमकाया जा रहा है, कार्यालयों पर कालिख पोती जा रही है और सरकारी भवनों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। शिवानी ने कहा कि चुनावी माहौल बनाया जाए, लेकिन यह काम शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। इस दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी ने भी अपने विचार रखे।