रक्षाबंधन पर्व से ठीक एक दिन पहले जिला मुख्यालय नाहन के बाजारों में खूब चहल-पहल देखने को मिली। भाई की कलाई पर प्रेम और स्नेह का धागा बांधने की तैयारियों में जुटी बहनों ने गुरुवार को जमकर खरीदारी की। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में महिलाओं और युवतियों की आवाजाही बढ़ गई, जो देर शाम तक जारी रही। हिंदू आश्रम रोड, बड़ा चौक, गुन्नू घाट, कच्चा टैंक और नया बाजार में सुबह से ही खरीदारी करने वालों की भीड़ नजर आई। राखियों की दुकानों पर महिलाएं अपने भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग डिजाइन और रंगों की राखियां पसंद करती दिखाई दीं। रेशमी धागे से लेकर कार्टून राखियों तक की मांग रक्षाबंधन को देखते हुए दुकानदारों ने इस बार राखियों की कई वैरायटी बाजार में उतारी हैं। दुकानों पर रेशमी धागे, चंदन, मखमली और ब्रेसलेट डिजाइन वाली राखियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की भी विशेष रेंज सजाई गई है। बहनें अपने भाइयों के लिए पारंपरिक राखियों के साथ-साथ आधुनिक डिजाइन वाली राखियां भी खरीदती नजर आईं। बाजारों में राखियों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों से भी नाहन पहुंचीं महिलाएं रक्षाबंधन की खरीदारी का असर सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रहा। नाहन के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां खरीदारी करने जिला मुख्यालय पहुंचीं। ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं ने राखियों के अलावा मिठाई, घेवर और कपड़ों की भी खरीदारी की। इससे बाजारों में अन्य दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या बढ़ी। व्यापारियों के चेहरे पर भी लौटी रौनक रक्षाबंधन से एक दिन पहले बाजारों में बढ़ी भीड़ से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। दुकानदारों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों की तुलना में गुरुवार को खरीदारी में अच्छा उछाल देखने को मिला। त्योहारी खरीदारी बढ़ने से राखी की दुकानों के साथ मिठाई और कपड़ों की दुकानों पर भी रौनक रही। देर शाम तक बाजारों में लोग खरीदारी करते दिखाई दिए। भाई-बहन के रिश्ते के पर्व को लेकर उत्साह रक्षाबंधन को लेकर नाहन में जिस तरह से बाजारों में भीड़ उमड़ी, उससे पर्व को लेकर लोगों का उत्साह साफ दिखाई दिया। बहनों ने भाइयों के लिए पसंदीदा राखियां चुनीं, वहीं परिवारों ने पर्व की तैयारियों के लिए मिठाई और अन्य सामान की खरीदारी पूरी की।