फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: नाहन में वामन द्वादशी पर दिखेगा देव समागम का अद्भुत नजारा, दुकानों के आगे नहीं रुकेंगी देवताओं की पालकियां

वामन द्वादशी के अवसर पर 23 सितंबर को नाहन में देव आस्था का भव्य संगम देखने को मिलेगा। शहर में विभिन्न मंदिरों से भगवान की पालकियां शोभायात्रा के रूप में निकाली जाएंगी और बड़ा चौक में देव समागम का विशेष नजारा देखने को मिलेगा। श्री जगन्नाथ मंदिर समिति से जुड़े सदस्यों और भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के अध्यक्ष प्रकाश बंसल ने नाहन में आयोजित प्रेसवार्ता में वामन द्वादशी की शोभायात्रा को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने उन दावों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि देवताओं की पालकियां चौगान मैदान में करीब डेढ़ घंटे तक रुकेंगी। प्रकाश बंसल ने कहा कि 23 सितंबर को शोभायात्रा पहले की तरह ही निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु के पांचवें अवतार भगवान वामन के सम्मान में आयोजित वामन द्वादशी उत्सव के दौरान शहर में भव्य शोभायात्राएं निकलेंगी। वामन द्वादशी के दिन नाहन के बड़ा चौक में विभिन्न मंदिरों से आने वाली पालकियों का समागम होगा। समिति के अनुसार इस अवसर पर शहर में देव आस्था का विशेष दृश्य देखने को मिलेगा। शोभायात्रा में विभिन्न मंदिरों से कुल नौ पालकियां लाई जाएंगी। इनमें दो पालकियां जगन्नाथ मंदिर से, तीसरी नरसिंह मंदिर भगवान मंदिर नौणी का बाग से, चौथी रघुनाथ मंदिर कच्चा टैंक से, पांचवीं कृष्ण मंदिर कच्चा टैंक से, छठी बैरागी मंदिर कच्चा टैंक से, सातवीं लक्ष्मी नारायण मंदिर से, आठवीं सनातन धर्म मंदिर से और नौवीं पालकी रानीताल से लाई जाएगी। समिति के अनुसार देव समागम के बाद पालकियां पक्का तालाब की ओर जाएंगी। यहां वामन द्वादशी मेले के साथ नौकाविहार का भी आयोजन होगा। प्रेसवार्ता में प्रकाश बंसल ने स्पष्ट किया कि इस बार देवताओं की पालकियां पहले की तरह दुकानों के आगे नहीं रुकेंगी। पालकियां सीधे बड़ा चौक पहुंचेंगी और इसके बाद पक्का तालाब की ओर जाएंगी। लोगों को देवताओं के दर्शन का अवसर देने के लिए पालकियां चौगान मैदान में कुछ देर के लिए रुकेंगी। समिति ने स्पष्ट किया कि चौगान में पालकियों के डेढ़ घंटे तक रुकने की बात सही नहीं है। शोभायात्रा के दौरान देवताओं की पालकियां जिन रास्तों से होकर गुजरेंगी, वहां आने वाली मीट की दुकानों को लेकर भी समिति ने अपील की है। समिति ने संबंधित दुकानदारों से पालकियों के गुजरने तक दुकानें बंद रखने का आग्रह किया है। आयोजकों का कहना है कि वामन द्वादशी के धार्मिक आयोजन को देखते हुए शोभायात्रा के मार्ग में आवश्यक सहयोग दिया जाए, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। प्रेसवार्ता के दौरान विनेश राणा, नैन सिंह शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें