फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: मेडिकल कॉलेज नाहन में गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच, हाई रिस्क मामलों पर रहेगा चिकित्सकों का फोकस

गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को सिरमौर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) चलाया गया। इसके तहत गर्भवती महिलाओं की विशेष स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान हाई रिस्क श्रेणी में चिन्हित महिलाओं को नियमित फॉलोअप करवाने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रहने की सलाह दी गई। मेडिकल कॉलेज नाहन के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं को नियमित प्रसव पूर्व जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी जाती है। इसके साथ ही उन्हें संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, समय पर टीकाकरण करवाने और गर्भावस्था के दौरान जरूरी सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया जाता है। डॉ. अमोद सिंह ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी जरूरी है। अभियान के तहत जांच में हाई रिस्क श्रेणी में आने वाली महिलाओं की पहचान कर उन्हें नियमित चिकित्सकीय फॉलोअप और विशेषज्ञों की निगरानी में रहने की सलाह दी जाती है। इससे गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों पर समय रहते ध्यान दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत प्रत्येक माह की नौ तारीख को गर्भवती महिलाओं को निशुल्क, सुनिश्चित और गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें