फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: डॉ. राजीव बिंदल का कांग्रेस सरकार पर हमला, बोले- मेडिकल कॉलेज को बना दिया नाकामियों का स्मारक

सिरमौर जिले के नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में रोष रैली निकालकर प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं और नए मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण अधूरा रहने के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा कार्यकर्ता सबसे पहले शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए। इसके बाद यहां से रोष रैली शुरू हुई, जो दिल्लीगेट, बड़ा चौक और गुन्नूघाट होते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर तक पहुंची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई। इस मौके पर डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने नाहन अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज को अपनी नाकामियों का स्मारक बना दिया है। उन्होंने कहा कि जिस संस्थान से नाहन सहित पूरे सिरमौर जिले के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए थीं, वह आज रेफरल अस्पताल बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल भवन की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। छतों से पानी टपक रहा है और सीलिंग मरीजों पर गिर रही है। इसके अलावा शौचालयों की स्थिति भी खराब है। मरीजों को इलाज के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि अस्पताल की बदहाली का सबसे बड़ा कारण नए मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण समय पर पूरा नहीं होना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा सिरमौर जिले की जनता को भुगतना पड़ रहा है। भाजपा ने प्रदेश सरकार से नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करने और नए भवन का निर्माण जल्द पूरा करवाने की मांग उठाई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें