शरद पूर्णिमा पर मनाए जाने वाले पारंपरिक गड़बड़े पर्व से एक दिन पहले नाहन के ऐतिहासिक बड़ा चौक बाजार में रौनक बढ़ गई। रविवार को रंग-बिरंगे गड़बड़ों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से गड़बड़े बेचने वाले कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे। त्योहार से पहले बाजार में बिक्री ने जोर पकड़ लिया है। बड़ा चौक में इस बार साधारण गड़बड़े 20 रुपये से मिलने शुरू हो गए हैं, जबकि फैंसी और बड़े आकार के गड़बड़ों की कीमत 50 से 70 रुपये तक है। रंग-बिरंगे गड़बड़ों की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पर्व से एक दिन पहले बाजार में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों को अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है। गड़बड़े पर्व नाहन की पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं का हिस्सा है। शरद पूर्णिमा की रात रंगीन गड़बड़ों में दीये जलाकर उन्हें रोशन किया जाता है। पहले इस पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहता था। बच्चे मोहल्लों में टोलियां बनाकर गड़बड़ों में दीये जलाते और घर-घर जाकर पर्व की खुशियां बांटते थे। लोग बच्चों के गड़बड़ों में पैसे डालकर उनका उत्साह बढ़ाते थे। समय के साथ इस परंपरा का स्वरूप बदला है, लेकिन नाहन में आज भी गड़बड़े पर्व को लेकर लोगों का उत्साह बना हुआ है। बाजार में गड़बड़ों की बढ़ती बिक्री से इस पारंपरिक पर्व की रौनक लौटती नजर आ रही है।