शहर के जैन मंदिर के पास घर के दरवाजे पर जेब से 50 हजार रुपये चोरी होने के आरोप बुजुर्ग ने जड़े हैं। पीड़ित विजय कुमार जैन ने तीन-चार संदिग्ध युवकों पर चोरी में शामिल होने की आशंका जताते हुए डीएसपी नाहन को शिकायत सौंपी है। उन्होंने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान और नकदी बरामद करने की मांग की है। पुलिस को दी शिकायत में विजय जैन ने बताया कि दो नवंबर को दोपहर को वह बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। उन्होंने नकदी पैंट की दाहिनी जेब में रखी थी। वह दिल्ली गेट, बड़ा चौक और जैन बाजार वाली गली से होते हुए घर पहुंचे। उनका आरोप है कि रास्ते में तीन-चार युवक कभी आगे तो कभी पीछे चलते रहे। विजय कुमार के अनुसार, घर के दरवाजे पर पहुंचने पर दो युवक उनके बिल्कुल पास आ गए। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से नकदी निकाल ली। पीछे मुड़कर देखने पर एक युवक ने उनसे बस स्टैंड का रास्ता पूछा। युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्होंने उसे दिल्ली गेट की ओर जाने का रास्ता बताया। शिकायतकर्ता ने बताया कि घर के अंदर जाने के करीब एक घंटे बाद उन्हें जेब से नकदी गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की और दुकानदारों से भी पूछताछ की, लेकिन रुपये नहीं मिले। बाद में आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर उन्हें पीछे चल रहे युवकों में से किसी एक पर संदेह हुआ। डीएसपी शक्ति सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने त्योहारी सीजन में लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी।