नाहन (सिरमौर)। शरली पंचायत में यूकोआरसेटी की ओर से आयोजित 12 दिवसीय कैंडल मेकिंग प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण के दौरान 30 ग्रामीण महिलाओं ने मोमबत्ती बनाने की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण लिया। समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों के कौशल और सीखी गई तकनीकों का परीक्षण भी लिया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मोम तैयार करने, बाती लगाने, सांचे में मोम ढालने और रंग और खुशबू का प्रयोग कर आकर्षक डिजाइन की कैंडल तैयार करने का अभ्यास करवाया गया। प्रशिक्षक कंचन ने महिलाओं को कैंडल निर्माण की अलग-अलग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों से कैंडल निर्माण की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ली गई और उनके व्यावहारिक कौशल का आकलन किया गया। यूकोआरसेटी की निदेशक नवज्योत सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में महिलाओं को केवल कैंडल बनाने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि तैयार उत्पाद की गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन, बाजार की मांग और बिक्री की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि घर से कैंडल निर्माण शुरू कर इसे स्वरोजगार के साधन के रूप में अपनाया जा सकता है। संकाय सदस्य मनीषा चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को कैंडल निर्माण के साथ स्वरोजगार शुरू करने के लिए जरूरी व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।