फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: नाहन में विद्यालय प्रमुखों की पांच दिवसीय नेतृत्व एवं प्रबंधन कार्यशाला शुरू, 70 प्रधानाचार्य ले रहे प्रशिक्षण

जिला सिरमौर के विद्यालय प्रमुखों की नेतृत्व एवं प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) नाहन में पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ सोमवार को हुआ। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के साथ शुरू हुए कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षा उपनिदेशक (स्कूल शिक्षा गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी सीमा धीमान, शिक्षा उपनिदेशक (स्कूल शिक्षा उच्च) डॉ. मदन लाल और शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा एवं डायट प्रधानाचार्य डॉ. राजीव ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के आरंभ में सीमा धीमान ने मुख्य अतिथि डॉ. मदन लाल, विशिष्ट अतिथि डॉ. राजीव ठाकुर, स्रोत व्यक्तियों और प्रशिक्षण में शामिल विद्यालय प्रमुखों का स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. राजीव ठाकुर ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों और नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने विभागीय निर्देशों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, मुख्य अतिथि डॉ. मदन लाल ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक परिणाम हासिल करने के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से काम करना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विद्यालय प्रमुखों से अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निभाने का आह्वान किया। कार्यशाला के जिला समन्वयक डॉ. आई.डी. राही ने बताया कि प्रशिक्षण में सिरमौर जिले के 16 शिक्षा खंडों से कुल 70 विद्यालय प्रमुख भाग ले रहे हैं। इनमें नाहन, सुरला, ददाहू, सराहां, संगड़ाह, नारग, राजगढ़, नौहराधार, रोहनाहट, शिलाई, बकरास, कफोटा, सतौन, खोड़ोवाला, पांवटा साहिब और माजरा शिक्षा खंड शामिल हैं। प्रशिक्षण में प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों सहित विद्यालय नेतृत्व से जुड़े अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों के संचालन, नेतृत्व क्षमता और प्रबंधन से जुड़े पहलुओं को बेहतर बनाना है। आईआईएम सिरमौर से प्रशिक्षित प्रधानाचार्य दे रहे प्रशिक्षण कार्यशाला में स्रोत व्यक्तियों के रूप में उन प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी दी गई है, जिन्होंने भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) सिरमौर के तत्वावधान में ऋषिकेश और धौलाकुआं में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इनमें विनोद कुमार, प्रेम कश्यप, कुलदीप सिंह, एमआर वर्मा, जोगी राम कन्याल, प्रताप सिंह और राजकुमार शामिल हैं। इनके साथ कंप्यूटर प्रवक्ता अतुल भाटिया और अनुभाग अधिकारी अरुण शर्मा भी प्रशिक्षण गतिविधियों में सहयोग दे रहे हैं। कार्यशाला के पहले दिन के प्रथम सत्र में पीएम श्री विद्यालय नाहन के प्रधानाचार्य एवं स्रोत व्यक्ति विनोद कुमार ने समाज में शिक्षक की भूमिका और उससे जुड़ी अपेक्षाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षक की सामाजिक जिम्मेदारियों और शिक्षा व्यवस्था में उसके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। दोपहर के सत्र में पीएम श्री विद्यालय राजगढ़ के प्रधानाचार्य प्रेम कश्यप ने शिक्षकों की कार्यशैली और समाज में उनके योगदान पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षक को अपने सेवाकाल में ऐसा कार्य करना चाहिए कि सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज उसे सम्मान और आदर के साथ याद रखे। इस दौरान शिक्षा और समाज के आपसी संबंधों पर समूह चर्चा भी हुई। इसमें शिक्षकों से समाज की अपेक्षाओं और शिक्षा के क्षेत्र में जनसहयोग के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें